स्ट्रीट फूड के शौकीन लोगों के लिए नूडल्स डोसा एक बेहतरीन आपशन है. साउथ इंडियन टेस्ट के साथ चाईनिज़ का ये तड़का सभी को बेहद पसंद आएगा.
ज़रूरी सामग्री:
- डोसा बैटर - 2 -3 कप
- नूडल्स - 1 कप उबाले हुये
- पत्ता गोभी - 1 कप बारीक कटे हुये
- हरा धनियां - 2-3 टेबल स्पून बारीक कटा हुआ
- तेल - 2-3 टेबल स्पून
- पनीर - 1/2 कप चौकोर और छोटे टुकड़े कटे हुए
- शिमला मिर्च - 1/4 कप बारीक कटी हुई
- हरे मटर - 1/4 कप
- हरी मिर्च - 1- 2 बारीक कटी हुई
- अदरक - आधा इंच टुकड़ा कद्दुकस किया हुआ
- नीबू का रस - 1 छोटी चम्मच
- सोया सास - 1 छोटी चम्मच
- काली मिर्च पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
- नमक - 3/4 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
बनाने की विधि:
स्टफिंग बनाएं:
पैन में एक चम्मच तेल गर्म करें. इसमें अदरक और कटी हरी मिर्च डाल कर थोडा़ सा भून लें. अब मटर डाल कर 1 मिनट तक भूनें. इसके बाद शिमला मिर्च और पत्ता गोभी डाल कर भूनें. सब्ज़ियों को ज़्यादा ना पकाएं, हल्की क्रंची रखें. अब इसमें उबले नूडल्स, पनीर, सोया सास, नमक, काली मिर्च, हरा धनिया और नींबू का रस डाल कर सारी चीज़ों को अच्छी तरह मिक्स होने तक मिलाते रहें. आपकी स्टफिंग तैयार है.
डोसा बनाएं:
नानस्टिक तवा गर्म करके उस पर पहली बार थोडा़ सा तेल डालकर नेपकिन पेपर से पोंछ दें ताकि तवे पर ज़्यादा तेल ना रहे. डोसा बैटर को पकोडे़ के बैटर से थोडा़ ज़्यादा पतला बनाएं. अगर आपको बैटर गाढा़ लग रहा है तो इसमें ज़रूरत के अनुसार पानी डाल कर इसे पतला कर लें. अब बैटर के 1-2 चम्मच तवे पर डाल कर इसे चम्मच से ही गोल फैला दें.
डोसे के चारों ओर चम्मच से थोडा़-थोडा़ तेल डाल दें और इसे नीचे से गोल्डन ब्राउन होने तक सेकें. फिर इसपर 1-2 चम्मच स्टफिंग डाल कर पतला फैलाएं और हल्का सा सिकने पर डोसे को रोल करके प्लेट में रख कर गर्मा-गर्म परोसें.
दूसरा डोसा बनाने से पहले गीले सूती कपडे़ से तवे को पोंछ कर हल्का ठंडा करें और पहले की तरह डोसा बनाएं. इसी तरह से सारे डोसे तैयार कर लें. और अपनी मनपसंद चटनी और सांबर के साथ खाएं.
ध्यान दें:
स्टफिंग में अपनी मनपसंद सब्ज़ियां डाल सकती हैं. आप चाहें तो किसी सब्ज़ी को हटा भी सकते हैं.
डोसा फैलाते समय तवा हल्का ठंडा रखने से डोसा आसानी से फैलता है.
No comments:
Post a Comment